ad

ad

हृदयानंद मिश्र के आवास पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो का आत्मीय स्वागत

मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं रांची की पूर्व मेयर रमा खलखो ने अपने सहयोगियों के साथ बुधवार को मेदिनीनगर के गायत्री नगर (सुदना) स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य हृदयानंद मिश्र के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रांची की पूर्व वार्ड पार्षद सविता कुजूर, अनिता तिर्की सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हृदयानंद मिश्र की धर्मपत्नी बिमला मिश्रा ने सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया, जबकि हृदयानंद मिश्र ने रमा खलखो को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत-सत्कार में परिवार के सदस्य डॉ. सुमित मिश्रा, अन्नपूर्णा मिश्रा तथा पौत्रियाँ आद्या एवं स्वरा भी शामिल रहीं।

आत्मीय माहौल में रमा खलखो ने कहा कि "हृदयानंद मिश्र मेरे बड़े भाई हैं और झारखंड कांग्रेस की अमूल्य निधि हैं। यहां आकर ऐसा लगा जैसे मैं किसी नेता के घर नहीं, बल्कि अपने परिवार में आई हूं। बड़े भाई और बिमला भाभी का स्नेह जीवनभर याद रहेगा। पलामू आने पर मैं इस घर को अपना घर मानकर अवश्य आऊंगी।"

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब रमा खलखो ने हृदयानंद मिश्र एवं बिमला मिश्रा के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। उपस्थित नेताओं ने इसे भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कार और संगठनात्मक मर्यादा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

बैठक के दौरान हूल क्रांति और आदिवासी इतिहास पर भी चर्चा हुई। रमा खलखो ने हृदयानंद मिश्र से हूल क्रांति की वीरांगनाओं फूलो-झानो के योगदान पर शोधपरक आलेख लिखने का आग्रह किया। इस पर हृदयानंद मिश्र ने कहा कि वे जल्द ही इस विषय पर विस्तृत लेख तैयार करेंगे, ताकि नई पीढ़ी उनके साहस और बलिदान से परिचित हो सके।

इस अवसर पर इंटक के वरिष्ठ नेता राजकुमार सिंह, प्रदेश कांग्रेस शिक्षा विभाग के अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव बिट्टू पाठक, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नवल किशोर पाठक, विद्या सिंह चेरो, विनोद पाठक, अमित पांडेय, वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष तिवारी, गणेश रवि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता, पारिवारिक सौहार्द, संगठनात्मक एकता और पारस्परिक सम्मान का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने इसे कांग्रेस परिवार की वैचारिक एकजुटता और सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

हृदयानंद मिश्र के आवास पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो का आत्मीय स्वागत