मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले के डाल्टनगंज स्थित पोखराहा में राष्ट्रीय राजमार्ग-75 (NH-75) एवं डाल्टनगंज–पांकी मार्ग की क्रॉसिंग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, पलामू के बैनर तले मंगलवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इस क्रॉसिंग को जिले का खतरनाक "ब्लैक स्पॉट" बताते हुए यहां फ्लाईओवर (आरओबी) निर्माण की मांग उठाई।
धरना के बाद उपायुक्त, पलामू के माध्यम से भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया कि उक्त क्रॉसिंग पर प्रतिदिन भारी वाहनों और आम लोगों की आवाजाही होती है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी खतरे में है।
ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं—
पोखराहा स्थित एनएच-75 एवं डाल्टनगंज–पांकी क्रॉसिंग पर अविलंब फ्लाईओवर (आरओबी) का निर्माण कराया जाए।
एनएच-75 के डाल्टनगंज–पाटन क्रॉसिंग पर भी जनसुरक्षा के लिए फ्लाईओवर बनाया जाए।
जोरकट में अधूरे सड़क निर्माण कार्य के पूर्ण होने तक वहां संचालित टोल प्लाजा पर टोल वसूली तत्काल बंद की जाए।
धरना-प्रदर्शन में पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा ने किया। इस दौरान जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, सांसद प्रतिनिधि ललित मेहता, सरोज चटर्जी, प्रखंड प्रमुख सुनील कुमार पासवान, प्रो. बच्चन ठाकुर, अरविंद यादव, संदीप कुमार, महेश यादव, कमेश यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
धरना में शामिल नेताओं ने कहा कि जनसुरक्षा के मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ