गढ़वा। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) ने मंगलवार को गढ़वा जिले के मेराल थाना का निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों का अवलोकन करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने थाना के अभिलेख, अपराध नियंत्रण की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई, थाना परिसर की साफ-सफाई और अभिलेख संधारण का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमित गश्ती, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।
डीआईजी किशोर कौशल ने कहा कि पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए तथा पुलिस कर्मियों से अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीपीओ , पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, मेराल थाना प्रभारी विष्णुकांत कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ