पांकी (पलामू)। पांकी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टा एवं एक जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। मंगलवार को लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पांकी थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया। सहायक अवर निरीक्षक श्याम लाल यादव के लिखित आवेदन पर पांकी थाना कांड संख्या-107/2026 दिनांक 30 जून 2026 के तहत धारा 25(1-B)(a)/26 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रंजीत कुमार रवि (21 वर्ष), पिता- रविन्द्र राम, ग्राम भरी, थाना पांकी, जिला पलामू को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा एवं एक जिंदा गोली बरामद हुई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों तथा अपराध की गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में एसडीपीओ प्रशांत कुमार, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रविन्द्र राहुल साय, सहायक अवर निरीक्षक श्याम लाल यादव, सहायक अवर निरीक्षक सुरेन्द्र राम-2 तथा पांकी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
0 टिप्पणियाँ