पलामू। जिले के रतनपुर पंचायत अंतर्गत ग्राम इरगु में बुधवार सुबह डैम से एक 65 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बंधु उरांव के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बंधु उरांव मंगलवार रात गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में मौजूद थे और करीब 8 बजे तक वहीं देखे गए थे। कुछ लोगों ने बताया कि रात के दौरान उनका कुछ व्यक्तियों के साथ विवाद भी हुआ था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के समीप स्थित डैम में उनका शव पानी में तैरता हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य खुशबू दांगी और समाजसेवी सह भाजपा नेता मंटू शर्मा घटनास्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। खुशबू दांगी ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए शव को निजी वाहन से भेजे जाने पर भी नाराजगी जताई और प्रशासन से ऐसी परिस्थितियों में सरकारी वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
0 टिप्पणियाँ