मेदिनीनगर: पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के जिला प्रवक्ता गोपाल सिंह ने प्रदेश पीसीसी डेलिगेट एवं पलामू कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मिथिलेश सिंह द्वारा मेदिनीनगर सदर अस्पताल की चिकित्सकीय अव्यवस्थाओं को उजागर किए जाने को जनहित में उठाया गया साहसिक कदम बताते हुए उनकी सराहना की है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में गलत व्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज़ उठाना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है।
गोपाल सिंह ने कहा कि अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। पंजीकृत चिकित्सकों के स्थान पर अन्य चिकित्सक मरीजों का उपचार करते पाए गए, जबकि कुछ पंजीकृत चिकित्सक अपने निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित मिले। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अस्पताल के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने भी व्यवस्था में हुई त्रुटियों को स्वीकार किया। यह स्थिति सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की जवाबदेही और कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों के बीच लंबे समय से यह शिकायत रही है कि कुछ चिकित्सक सरकारी अस्पतालों की अपेक्षा अपने निजी क्लीनिकों पर अधिक ध्यान देते हैं। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती।
गोपाल सिंह ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे सरकारी अस्पतालों में अनुशासन, जवाबदेही और आम जनता का विश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
0 टिप्पणियाँ