ad

ad

डीसी ने जेएसएलपीएस की मासिक समीक्षा की, आजीविका गतिविधियों में तेजी लाने के दिए निर्देश

मेदिनीनगर (पलामू): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में पलाश-जेएसएलपीएस (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंडों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान कृषि, पशुपालन, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), उद्यमिता विकास, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, बैंक लिंकेज, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण एवं अन्य आजीविका गतिविधियों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए नवाचार अपनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

बैठक में चैनपुर प्रखंड के चेडाबार बाजार में संचालित आजीविका गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बैंक लिंकेज, उद्यम पंजीकरण और एफएसएसएआई पंजीकरण जैसे लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत चार लाभुकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये के डमी चेक प्रदान किए गए। इनमें आशा कुमारी, सुनीता देवी, दिलदार अंसारी और लक्ष्मण शर्मा शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक के बाद जेएसएलपीएस द्वारा आयोजित रक्तदान अभियान में स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को उपायुक्त ने प्रशस्ति प्रमाण-पत्र एवं डोनर कार्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तवीरों के इस मानवीय योगदान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

बैठक में प्रशिक्षु आईएएस ऋत्विक मेहता, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. करकेट्टा, सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

डीसी ने जेएसएलपीएस की मासिक समीक्षा की, आजीविका गतिविधियों में तेजी लाने के दिए निर्देश