ad

ad

SIR-2026 : धीमी प्रगति वाले मतदान केंद्रों का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, फॉर्म वितरण व डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश

मेदिनीनगर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत चल रहे इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के उन मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां कार्य की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि SIR-2026 से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण की शुरुआत हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-121 से हुई, जहां गणना प्रपत्रों का वितरण केवल 11 प्रतिशत दर्ज था। उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ से कम प्रगति के कारणों की जानकारी ली और घर-घर पहुंचकर फॉर्म वितरण अभियान को तेज करने का निर्देश दिया। कार्य के प्रति कर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्होंने स्वयं भी कुछ गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर बेहतर कार्य संस्कृति का संदेश दिया।

इसके बाद उन्होंने हुसैनाबाद के देवरी खुर्द स्थित मतदान केंद्र संख्या-136, 137 एवं 138 का निरीक्षण किया। मतदान केंद्र संख्या-136 पर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण की रिपोर्ट मिलने पर उन्होंने संबंधित बीएलओ से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा अभिलेखों का सत्यापन किया। उन्होंने कहा कि बीएलओ ऐप में वही जानकारी दर्ज की जाए जो वास्तविक प्रगति को दर्शाती हो तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान कई मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए उपायुक्त को कच्चे रास्तों और पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भौगोलिक चुनौतियां चाहे जैसी भी हों, प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना और समय पर फॉर्म वितरण व डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी है।

इसके पश्चात उन्होंने छतरपुर प्रखंड कार्यालय तथा नवाबाजार प्रखंड सभागार में संचालित प्रखंड स्तरीय डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं पड़वा प्रखंड के पंचायत सचिवालय में भी SIR-2026 के तहत संचालित गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

SIR-2026 : धीमी प्रगति वाले मतदान केंद्रों का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, फॉर्म वितरण व डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश