यूट्यूब पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन ने जताई प्रतिबद्धता
मेदिनीनगर (पलामू), संवाददाता। झारखंड पत्रकार संगठन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मेदिनीनगर के पांकी रोड स्थित बारालोटा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नीलकमल शुक्ला ने की। बैठक में सर्वसम्मति से संगठन का पुनर्गठन करते हुए अवधेश शुक्ला को संगठन का अध्यक्ष तथा रघुवीर पांडे को महासचिव चुना गया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि संगठन की केंद्रीय समिति को भंग कर दिया जाए। इसके साथ ही तय किया गया कि अब संगठन जिला स्तर पर एकीकृत समिति के माध्यम से कार्य करेगा तथा फिलहाल इसकी गतिविधियां केवल पलामू जिले तक सीमित रहेंगी।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में यूट्यूब पत्रकार भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन पलामू में उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में झारखंड पत्रकार संगठन यूट्यूब पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। संगठन ने जिले के सभी यूट्यूब पत्रकारों से अपील की कि वे अपने अधिकारों, गरिमा और सुरक्षा की रक्षा के लिए संगठन से जुड़ें। वक्ताओं ने भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
बैठक में संगठन के अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। नीलकमल शुक्ला को संरक्षक, उपेंद्र कुमार एवं योगेंद्र मिश्रा को उपाध्यक्ष, अमितेश रंजन को संगठन सचिव, बेनी माधव सिंह को जिला सदस्यता प्रभारी, अरविंद तिवारी को अनुशासन समिति का संयोजक, जितेंद्र सिंह को सह-संयोजक, विजय कुमार तिवारी को सचिव तथा मोरध्वज पांडे को संगठन का प्रवक्ता मनोनीत किया गया।
इसके अलावा पांकी विधानसभा क्षेत्र इकाई का भी पुनर्गठन किया गया। आशीष कुमार को पांकी विधानसभा क्षेत्र का अध्यक्ष तथा मोहम्मद हसीब को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि हाल के दिनों में पलामू में पत्रकारों को लगातार निशाना बनाए जाने की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
बैठक में पलामू जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ