मेदिनीनगर। पलामू में शिक्षिका भारती पांडे से जुड़े मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय एवं समाहरणालय प्रवेश द्वार का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद कार्यालय मैदान से समाहरणालय गेट तक मार्च निकालकर शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार और अमानवीय व्यवहार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता "शिक्षिका भारती पांडे को न्याय दो", "भ्रष्ट डीईओ पलामू से वापस जाओ", "दोषी पदाधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करो" तथा "झारखंड सरकार मुर्दाबाद" जैसे नारे लगा रहे थे।
भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि शिक्षा विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और संवेदनहीनता के कारण मानसिक प्रताड़ना झेल रही शिक्षिका भारती पांडे के गर्भस्थ शिशु की मौत मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। उनका आरोप है कि शिक्षिका ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत अवकाश के लिए आवेदन किया था, लेकिन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने अवकाश स्वीकृत करने के बजाय उन्हें लगातार परेशान किया तथा छुट्टी स्वीकृत करने के लिए पैसे की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्यालय के लगातार चक्कर लगाने और मानसिक प्रताड़ना के कारण शिक्षिका को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व सांसद मनोज भुईयां ने कहा कि झारखंड में प्रखंड से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में ऐसी घटनाओं के बावजूद प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से भ्रष्टाचारियों का मनोबल बढ़ रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र पांडे ने कहा कि राज्य में महिलाओं और आम लोगों की सुरक्षा तथा सम्मान खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना रिश्वत के सरकारी कार्यालयों में सामान्य कार्य भी कराना मुश्किल हो गया है और विभिन्न विभागों में दलालों एवं भ्रष्ट तत्वों का प्रभाव बढ़ गया है।
प्रदर्शन में सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, शिवकुमार मिश्रा, अजय तिवारी, डॉ. विनय, जितेंद्र तिवारी, अभिमन्यु तिवारी, आशीष भारद्वाज, ज्योति पांडे, दिलीप तिवारी, रामलव चौरसिया, भीष्म चौरसिया, लवली गुप्ता, रीना किशोर, मंजू गुप्ता, सुजाता सिंह, शोभा देवी, शुभम प्रसाद, इंद्रजीत सिंह, डिंपल, सोमेश सिंह, राजहंस अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ