पांकी (पलामू):
अवैध अफीम, पोस्ता और गांजा की खेती पर रोक लगाने के लिए पांकी थाना क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 16 अक्टूबर 2025 को ताल पंचायत के आबून, बीरबीर एवं जोबला गांवों में पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को अफीम, पोस्ता और गांजा की खेती के दुष्परिणामों के साथ-साथ इस अवैध कार्य में संलिप्त पाए जाने पर मिलने वाले कानूनी दंड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे परिवार और समाज दोनों पर नकारात्मक असर पड़ता है।
कार्यक्रम में ताल पंचायत की मुखिया, ताल पिकेट के पदाधिकारी स.अ.नि. मुरारी दास, स.अ.नि. सुनील सुभाष भेंगरा तथा ताल पिकेट के सभी जवान मौजूद रहे। ग्रामीण पुरुष, महिलाएं, युवक और युवतियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान लोगों को वैकल्पिक खेती के रूप में धान, गेहूं, चना, सरसों, मसूर, ज्वार, सोयाबीन, मूंगफली, अरंडी, बाजरा एवं कटहल जैसी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया गया। यह बताया गया कि ये फसलें न केवल कानूनी दृष्टि से सुरक्षित हैं, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी लाभदायक हो सकती हैं।
अंत में सभी ग्रामीणों को अफीम और गांजा की खेती न करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस प्रशासन का यह अभियान क्षेत्र में निरंतर जारी है और आने वाले दिनों में अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
#पांकी #अफीममुक्तअभियान #पोस्ताजागरूकता #पलामू #ग्रामीणविकास #झारखंडपुलिस

0 टिप्पणियाँ