पांकी/पलामू।पांकी प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत कर्पूरी चौक स्थित बीआरसी कार्यालय के समीप भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर प्रस्तावित कर्पूरी भवन का निर्माण कार्य प्रशासनिक आदेश पर रोके जाने से नाई समाज में नाराजगी व्याप्त है। निर्माण कार्य बंद होने से समाज के लोगों में असंतोष है और शीघ्र समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी गई है। समाज के लोगों का कहना है कि यह कदम किसी साजिश के तहत उठाया गया प्रतीत होता है।
इस मुद्दे को लेकर नाई समाज की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए नाई समाज के जिला अध्यक्ष अमलेश ठाकुर ने कहा कि पांकी, मनातू, तरहसी एवं लेस्लीगंज क्षेत्र के नाई समाज द्वारा लंबे समय से कर्पूरी भवन निर्माण की मांग की जा रही थी। इस बहुप्रतीक्षित मांग को क्षेत्रीय विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता के प्रयास से स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ, लेकिन अब प्रशासनिक आदेश के कारण कार्य रोक दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कर्पूरी भवन समाज की सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। ऐसे में निर्माण कार्य का रुकना समाज के लिए निराशाजनक है। नाई समाज का मानना है कि निर्माण कार्य को रोकने के पीछे कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही भूमि से जुड़े विवाद अथवा तकनीकी कारणों का शीघ्र समाधान कर निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराया जाए।
वहीं नाई समाज के प्रखंड अध्यक्ष विजय ठाकुर ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो समाज आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने की मांग की।
प्रखंड उपाध्यक्ष रामेश्वर ठाकुर ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नाई समाज प्रखंड कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। समाज अपने अधिकार और सम्मान के लिए संगठित है और संवैधानिक तरीके से संघर्ष करेगा।
बैठक में प्रखंड सचिव संजय ठाकुर, संरक्षक कृष्णा ठाकुर, कोषाध्यक्ष सुदेश्वर ठाकुर सहित पंकज ठाकुर, विनोद ठाकुर, लवकुश ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, बिगन ठाकुर, जगनारायण ठाकुर, बबलू ठाकुर, बाढ़ो ठाकुर समेत बड़ी संख्या में नाई समाज के लोग उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ