ad

ad

पलामू क्षेत्र को मिले नए DIG, किशोर कौशल ने ग्रहण किया कार्यभार

पलामू जिला मुख्यालय में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) 2012 बैच के अधिकारी किशोर कौशल ने आज पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।

पदभार संभालने के उपरांत मीडिया से संवाद करते हुए डीआईजी श्री कौशल ने कहा कि पलामू क्षेत्र में पुलिस प्रशासन का संचालन टीम भावना, समन्वय और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ किया जाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बल के प्रत्येक अधिकारी और कर्मी के साथ सामूहिक प्रयास के माध्यम से बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएंगे।

डीआईजी श्री कौशल ने बताया कि विधि-व्यवस्था का प्रभावी संधारण, आपराधिक गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण तथा किसी भी आपराधिक घटना की समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी जांच उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में संचालित पुलिस अभियानों को निरंतरता के साथ परिणामोन्मुख दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस के समक्ष मौजूद चुनौतियों का गहन विश्लेषण कर उनके व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो और पुलिस प्रशासन के प्रति जनविश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

पलामू आगमन पर डीआईजी श्री किशोर कौशल को कार्यालय परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इस अवसर पर पलामू की उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया और पदभार ग्रहण पर शुभकामनाएं दीं।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं 2026