पलामू:- पलामू जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध खनन पर कार्रवाई की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि अप्रैल माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 47 वाहनों को जब्त किया गया। इस दौरान 32 लाख 48 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया तथा तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं।
इसके अलावा जिले के 22 ईंट भट्ठों की जांच की गई, जिनमें सभी को नोटिस जारी किया गया है। जिला परिवहन विभाग ने 65 वाहनों को जब्त कर 9 लाख 62 हजार रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि विभिन्न अंचलों की कार्रवाई में 40 वाहन जब्त किए गए। इनमें हुसैनाबाद अंचल में सबसे अधिक सात वाहन जब्त हुए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ संयुक्त रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां नियमों के अनुरूप संचालित हों, अन्यथा संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चेकपोस्टों पर सघन जांच और खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सभी थाना प्रभारियों को सक्रियता बढ़ाने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी क्षेत्र में वाहन जब्ती नहीं होना संबंधित थाना प्रभारी की निष्क्रियता को दर्शाता है।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों से लगातार अवैध परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं, वहां आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, एसडीओ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ