ad

ad

आजादी के 78 साल बाद केंद्र ने दिया चतरा को रेलवे प्रोजेक्ट की सौगात

गयाजी परैया से चतरा तक 75 किमी नई रेल लाइन को मिली स्वीकृति, क्षेत्र में खुशी की लहर

चतरा:चतरा जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आजादी के 78 वर्षों बाद क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। सांसद कालीचरण सिंह के लगातार प्रयासों के बाद बिहार के गयाजी परैया स्टेशन से झारखंड के चतरा तक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। 
रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह नई रेलवे लाइन परैया स्टेशन से चतरा तक लगभग 75.1 किलोमीटर लंबी होगी। इसके साथ काष्ठा तक लगभग 4.95 किलोमीटर लंबा Y कनेक्शन भी बनाया जाएगा। परियोजना को “विशेष रेलवे परियोजना” का दर्जा दिया गया है, जिससे भूमि अधिग्रहण एवं निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। 
जानकारी के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 2500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह परियोजना पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत संचालित होगी। केंद्र सरकार द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना में रेलवे (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 2(37A) के तहत इसे विशेष रेलवे परियोजना घोषित किया गया है।
सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि चतरा को रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग वर्षों से की जा रही थी, जिसे अब प्रधानमंत्री Narendra Modi की सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे चतरा जिले की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। 
भाजयुमो जिला महामंत्री विकास मालाकार ने कहा कि इस परियोजना के आगे बढ़ने से चतरा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, परिवहन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। वहीं भाजपा नेता बिनय कुमार सिंह ने कहा कि “मोदी है तो मुमकिन है।”
नई रेल परियोजना को लेकर क्षेत्र के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि इससे बिहार और झारखंड के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

लोकभवन में हुआ ऐतिहासिक पुस्तक लोकार्पण, BBIN देशों के ऊर्जा सहयोग पर डॉ. सिमी मेहता की पुस्तक बनी चर्चा का केंद्र