पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रिजवान खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर देशभर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार झेल रही जनता केंद्र सरकार से राहत की उम्मीद कर रही है, लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
रिजवान खान ने कहा कि पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि का सीधा असर आम नागरिकों, वाहन चालकों, किसानों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। इससे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमत बढ़ने से खाने-पीने की वस्तुएं, माल ढुलाई और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें भी महंगी होंगी, जिसका असर पूरे देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि कर दी गई, जिससे आम जनता महंगाई की दोहरी मार झेल रही है। डीजल की कीमत बढ़ने से खेती-किसानी और परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित होगी, जिसका असर सीधे किसानों और व्यापारियों पर पड़ेगा।
रिजवान खान ने कहा कि केंद्र सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की बजाय कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दे रही है। चुनाव के समय जनता को राहत देने की बातें की जाती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही महंगाई का बोझ बढ़ा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में केंद्र सरकार को सबक सिखाएगी।
0 टिप्पणियाँ