छतरपुर: नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही ट्रैफिक व्यवस्था, बढ़ते अपराध और जाम की समस्या के समाधान को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता चुनमुन ने पलामू के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नगर अध्यक्ष ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया तथा छतरपुर शहर की गंभीर यातायात समस्याओं और आपराधिक गतिविधियों से उन्हें अवगत कराया।
नगर अध्यक्ष ने एसपी से मांग करते हुए कहा कि शहर के जपला मोड़ एवं सरईडीह मोड़ पर लगने वाले भीषण जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए दोनों स्थानों पर पुलिस के दो-दो जवानों की नियमित तैनाती की जाए। इसके अलावा शहर में भारी वाहनों, विशेषकर हाईवा के परिचालन पर सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक रोक लगाने की मांग भी रखी गई।
मुलाकात के दौरान एसपी ने नगर अध्यक्ष द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया।
वहीं नगर अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता चुनमुन ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि एसपी से हुई यह मुलाकात शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है ।
0 टिप्पणियाँ