मेदिनीनगर, 27 मई 2026 : पलामू समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस उस समय भावुक और मानवीय संवेदना का उदाहरण बन गया, जब 81 वर्षीय बुजुर्ग उदित ठाकुर अपनी बंद वृद्धा पेंशन की समस्या लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष पहुंचे।
पाटन प्रखंड के नवाजयपुर निवासी उदित ठाकुर ने बताया कि आधार से संबंधित त्रुटि के कारण उनकी वृद्धा पेंशन लगभग एक वर्ष से बंद है। वृद्धावस्था और आंखों से दिव्यांग होने के कारण वे विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने में असमर्थ थे।
बुजुर्ग की पीड़ा सुनते ही उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तत्काल उन्हें बैठाकर पानी पिलाया और आत्मीयता से कहा, “बाबा, अब आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है, आपका काम आज और अभी यहीं से होगा।”
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक पीयूष को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। अधिकारियों ने तुरंत आधार अपडेट कराने के साथ बैंक खाते से आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कराई। आवश्यक त्रुटियों को दूर करते हुए वृद्धा पेंशन पुनः शुरू करने और लंबित राशि भुगतान की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई।
सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक पीयूष ने बताया कि आगामी सात दिनों के भीतर उदित ठाकुर के खाते में पिछले एक वर्ष की लंबित पेंशन राशि भेज दी जाएगी।
जन समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति एवं अन्य सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
0 टिप्पणियाँ