पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय सिकंदर चौधरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के दौरान अचानक झड़प शुरू हो गई और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया।
घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सिकंदर चौधरी ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों में यशवंत कुमार, मधु चौधरी, संजय चौधरी और रविंद्र चौधरी का इलाज जारी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
0 टिप्पणियाँ