मेदिनीनगर। आगामी विभागीय जनजातीय भाषा परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर पलामू प्रमंडल की आयुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित प्रशासनिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर की समुचित व्यवस्था रहे तथा मोबाइल फोन, टैब, स्मार्ट वॉच सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सघन जांच प्रवेश द्वार पर ही की जाए। अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की प्रक्रिया को भी व्यवस्थित और सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल किट, पेयजल, बिस्किट तथा सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष परीक्षा कक्ष भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आयुक्त ने परीक्षा सामग्री की सुरक्षा एवं गोपनीयता को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्रियों के सुरक्षित रख-रखाव तथा समय पर वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कुमुद सहाय ने कहा कि विभागीय जनजातीय भाषा परीक्षा एक महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि परीक्षा का सफल एवं निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित हो सके।
(जनसंवाद न्यूज ब्यूरो, मेदिनीनगर)
0 टिप्पणियाँ