ad

ad

पांकी के विकास मुद्दों पर मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह से मिले विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता

स्थाई BDO की नियुक्ति, अधूरे पुल और घटिया सड़क निर्माण पर उठाए सवाल

रांची। पांकी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों, प्रशासनिक समस्याओं एवं लंबित योजनाओं को लेकर विधायक डॉ० कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने सोमवार को रांची स्थित आवास पर झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री Deepika Pandey Singh से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांग पत्र मंत्री को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने पांकी विधानसभा अंतर्गत पांकी, लेस्लीगंज सह नीलाम्बर-पीताम्बरपुर, तरहसी, मनातू एवं सतबरवा प्रखंडों में स्थाई प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) की नियुक्ति की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसी भी प्रखंड में स्थाई BDO पदस्थापित नहीं हैं, जिससे आम जनता के प्रखंड संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर मंत्री ने जल्द स्थाई पदाधिकारियों की नियुक्ति कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में पांकी एवं तरहसी प्रखंड को जोड़ने वाले ढूब-छतरपुर मार्ग पर अमानत नदी में बन रहे पुल के अधूरे निर्माण कार्य का मामला भी उठाया गया। विधायक ने आरोप लगाया कि संवेदक मेसर्स सिलदिलिया कंस्ट्रक्शन की लापरवाही के कारण पुल निर्माण कार्य लंबित है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री ने मामले में संवेदक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया।

इसके अतिरिक्त ग्रामीण पथ निर्माण विभाग की कई योजनाओं का कार्य दो वर्षों से लंबित रहने का मुद्दा भी विधायक ने उठाया। उन्होंने कहा कि कई संवेदकों द्वारा टेंडर लेने के बावजूद कार्य शुरू नहीं किया गया है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मंत्री ने ऐसे संवेदकों पर दण्डात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

वहीं तेतराई से तरहसी सोनपुरा बलियारी मोड़ तक FDR तकनीक से निर्मित सड़क में घटिया निर्माण कार्य की शिकायत भी मंत्री के समक्ष रखी गई। विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच एवं कार्रवाई की मांग की। इस पर मंत्री ने विभागीय स्तर पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

मौके पर विधायक डॉ० मेहता ने कहा कि पांकी विधानसभा क्षेत्र के विकास, जनता के अधिकारों तथा सरकारी राशि के सही उपयोग को सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

जल संरक्षण केवल पर्यावरण नहीं, शिक्षा और स्वास्थ्य का भी प्रश्न : हृदयानंद मिश्र