पलामू जिले के किसानों को उनके आम का उचित मूल्य दिलाने और उपभोक्ताओं तक प्राकृतिक रूप से पके गुणवत्तापूर्ण आम पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा आम बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सादात अनवर ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में इस वर्ष आम्रपाली, तोतापरी और सुवर्णरेखा प्रजाति के आम का बेहतर उत्पादन हुआ है। इसी को देखते हुए पहली बार JSLPS के फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (FPO) के माध्यम से आम बिक्री केंद्र शुरू किया गया है।
वर्तमान में मेदिनीनगर और लेस्लीगंज में बिक्री केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां लोगों को बिना किसी केमिकल से पकाए गए ताजे और प्राकृतिक आम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आम की खुदरा बिक्री 40 रुपये प्रति किलो तथा थोक बिक्री 30 रुपये प्रति किलो की दर से की जा रही है।
इस पहल से आम उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है। साथ ही इससे जुड़ी महिलाओं को अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा, जिससे उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा, मनरेगा पीओ, जिला वित्त प्रबंधक, जिला आजीविका प्रबंधक, जिला प्रबंधक ईपी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
**जनसंवाद न्यूज | पलामू**
0 टिप्पणियाँ