मेदिनीनगर, पलामू। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि सेवा, विश्वास, विरासत और विकास के समन्वय के वर्ष रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश की दिशा और दशा दोनों में सकारात्मक बदलाव आया है तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है।
सांसद ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा, नया संसद भवन और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना और आधुनिक विकास के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबी उन्मूलन, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर सृजन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, डिजिटल क्रांति, सामाजिक सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
सांसद ने मोदी सरकार की 12 प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। चार करोड़ परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है तथा तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल बन रही हैं। इसके अलावा 57 करोड़ मुद्रा ऋण के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है और 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से महिलाओं के सम्मान एवं स्वच्छता को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि देश का निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है, सामाजिक सुरक्षा कवरेज में तीन गुना से अधिक वृद्धि हुई है तथा रक्षा निर्यात में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों, डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई और डिजिटल लेनदेन के विस्तार ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने नक्सलवाद में कमी और देश के कई क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं को भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल बताया।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता प्रफुल्ल कुमार सिंह, शिव कुमार मिश्रा, विजय ओझा, ईश्वरी पांडे, अलख दुबे, भोला पांडे, छोटू सिन्हा, सरवन गुप्ता, संजय कुमार, कौशल झा, अंकित सिंह, संजय गुप्ता, आशीष कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ