बारिश के दौरान अलग-अलग घटनाओं में गई दो जानें, अस्पताल पहुंचीं जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, मुआवजे की उठी मांग
पांकी (पलामू)। पांकी प्रखंड में गुरुवार को हुई वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में एक वृद्ध महिला और 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही दिन में हुई इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहली घटना ढूब पंचायत के उक्सु गांव की है। यहां चिंता कुंवर (60 वर्ष), पति स्वर्गीय तेतर ठाकुर, नदी किनारे अपनी गाय की देखभाल कर रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पांकी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
दूसरी घटना गोंगो गांव में हुई। यहां अनेश कुमार (12 वर्ष), पिता बबलू मोची, घर से बाहर गाय बांधने गया था। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल अनेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पांकी पहुंची और दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेजने की तैयारी की गई।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतका चिंता कुंवर एवं मृतक बालक अनेश कुमार के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हैं। साथ ही प्रशासन से दोनों परिवारों को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा एवं अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
एक ही दिन में वज्रपात से दो लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, खेतों, नदी किनारे तथा पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता ऐसी दुखद घटनाओं को रोक सकती है।
0 टिप्पणियाँ