ad

ad

मोहर्रम पर्व को लेकर उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने किया विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण, शांति बनाए रखने की अपील

मेदिनीनगर। आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनज़र जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी ने गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं थाना क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया। लगभग 200 किलोमीटर लंबे दौरे के दौरान अधिकारियों ने पाटन प्रखंड के पल्हेकला सहित छतरपुर, हुसैनाबाद, हैदरनगर, मोहम्मदगंज, उंटारी रोड तथा विश्रामपुर थाना क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
भ्रमण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, धार्मिक नेताओं तथा गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं पारंपरिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि पलामू जिले की पहचान आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता रही है। सभी समुदायों के सहयोग से यहां प्रत्येक पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता रहा है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान सतर्कता, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि मोहर्रम पर्व जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

मोहर्रम पर्व को लेकर उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने किया विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण, शांति बनाए रखने की अपील