मेदिनीनगर: जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) प्रमोद कुमार ने शनिवार को विभिन्न जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों एवं राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) के गोदामों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान चैनपुर प्रखंड के पीडीएस विक्रेता अनिरुद्ध प्रसाद तथा सदर मेदिनीनगर प्रखंड के विक्रेता राजा कुमार गुप्ता की दुकानों का जायजा लिया गया। डीएसओ ने खाद्यान्न स्टॉक, राशन वितरण व्यवस्था तथा लाभुकों के बीच नमक, चना दाल, धोती, साड़ी और लुंगी वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विक्रेताओं को प्रतिदिन दुकान की साफ-सफाई बनाए रखने, कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री का समय पर वितरण करने तथा वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने चैनपुर एवं बैरिया (मेदिनीनगर) स्थित राज्य खाद्य निगम के गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, रख-रखाव, साफ-सफाई तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई। उन्होंने सहायक गोदाम प्रबंधकों को वैज्ञानिक तरीके से खाद्यान्न भंडारण, नियमित साफ-सफाई, सभी पंजीयों का अद्यतन संधारण तथा आवश्यक उपकरणों के समुचित उपयोग के निर्देश दिए।
डीएसओ प्रमोद कुमार ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को समय पर और निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए वितरण केंद्रों एवं गोदामों में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित निगरानी और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।
0 टिप्पणियाँ