ad

ad

शादी के 13वें दिन नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

मेदिनीनगर। पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज 13 दिन बाद युवती का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने इसे दहेज प्रताड़ना से जुड़ी हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार क्षेत्र के कोरागी गांव निवासी खुशबू कुमारी की शादी 24 मई 2026 को तुकबेरा गांव निवासी श्रवण कुमार के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि विवाह बिना किसी तिलक-दहेज के संपन्न हुआ था, लेकिन शादी के बाद से ही अतिरिक्त मांगों को लेकर खुशबू को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह खुशबू का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया। मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के भाई रविंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसी का परिणाम उसकी मौत के रूप में सामने आया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम के दौरान परिजन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सच्चाई सामने लाने की मांग की।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

मामले को लेकर नावाबाजार थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि खुशबू और श्रवण का विवाह 24 मई को हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका को अपने पति के किसी अन्य युवती से बातचीत करने पर संदेह था। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर दहेज हत्या से संबंधित मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

शादी के 13वें दिन नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप