मेदिनीनगर:- प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव लक्ष्मी नारायण तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने सोमवार को पलामू उपायुक्त से मुलाकात कर धान बिक्री की लंबित राशि के भुगतान सहित विभिन्न किसान समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। किसानों की बड़ी संख्या को देखते हुए उपायुक्त स्वयं सभागार पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं।
लक्ष्मी नारायण तिवारी ने कहा कि किसानों ने कठिन परिश्रम से धान की खेती की और सरकार ने धान की खरीद भी कर ली, लेकिन बड़ी संख्या में किसानों को अब तक उनकी उपज का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि खेती का नया मौसम शुरू हो चुका है और किसानों को बीज, खाद तथा अन्य कृषि कार्यों के लिए धन की आवश्यकता है। ऐसे समय में भुगतान लंबित रहना किसानों को आर्थिक संकट की ओर धकेल रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने धान खरीद के बाद भुगतान नहीं मिलने, आर्थिक कठिनाइयों तथा खेती से जुड़ी अन्य समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। उपायुक्त ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लंबित भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।
लक्ष्मी नारायण तिवारी ने बताया कि उपायुक्त ने किसानों की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है और लंबित भुगतान सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर उन्हें राहत प्रदान करेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष अमरेश कुमार पांडेय, रामलाल चौरसिया, श्यामलाल चौरसिया, लाल बहादुर चौरसिया, अलख चौरसिया, सच्चिदानंद तिवारी, रुद्रेश्वर तिवारी, अजीत तिवारी, शत्रुघ्न तिवारी, दीपक तिवारी, गुड्डू खान, सुनील गोस्वामी, नागेंद्र चौरसिया, त्रिभुवन कुमार, नंदू साव, लव कुमार राम, कमलकांत पांडेय, संतोष पांडेय, अलख निरंजन महतो, हरेंद्र चौरसिया, ओम प्रकाश प्रसाद, अलियार पांडेय, निरंजन पांडेय, प्रभात लाल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ