झामुमो नेता सन्नी शुक्ला और आशुतोष विनायक ने झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी से की थी मांग
झारखंड क्रिकेट के इतिहास में पलामू के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। झारखंड टी-20 लीग में पहली बार पलामू वॉरियर्स के नाम से महिला टीम को शामिल किया गया है। इस उपलब्धि से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व झामुमो नेता सन्नी शुक्ला एवं आशुतोष विनायक ने झारखंड टी-20 लीग में पलामू की टीम को शामिल करने की मांग उठाई थी। अब महिला टीम को लीग में स्थान मिलने के बाद दोनों नेताओं ने इसे पलामू की खेल प्रतिभाओं के सम्मान और क्षेत्र में क्रिकेट के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
सन्नी शुक्ला ने कहा कि भले ही इस वर्ष पुरुष टीम को लीग में शामिल नहीं किया जा सका है, लेकिन पलामू की भावनाओं का सम्मान करते हुए महिला टीम को अवसर दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले वर्ष पुरुष टीम भी लीग का हिस्सा बनेगी। उन्होंने इस पहल के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर Saurabh Tiwary तथा Jharkhand State Cricket Association का आभार व्यक्त किया।
वहीं आशुतोष विनायक ने कहा कि यह केवल एक टीम का चयन नहीं, बल्कि पलामू के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला फैसला है। उन्होंने कहा कि पलामू वॉरियर्स का लीग में शामिल होना जिले के खेल इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलेगा।
पलामू वॉरियर्स की कप्तानी अश्वनी कुमारी को सौंपी गई है। टीम में सोनिया, ईशा केशरी, इला खान, अनामिका कुमारी, सरिता सोरेन, सुलेखा कुमारी, शिखा, चांदमुनी पूर्ति, रिनी बर्मन, आकांक्षा टोप्पो, आरती कुमारी, इशिका दीपक, वर्षा कुमारी, वैष्णवी और पल्लवी कुमारी शामिल हैं।
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के इस निर्णय का जिले में व्यापक स्वागत किया जा रहा है। खेल प्रेमी प्रशांत सिन्हा, सोनू सिंह, पिंटू शुक्ला, अमित पांडेय और सैयद फैजल ने टीम को आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देते हुए शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
पलामू वॉरियर्स का गठन केवल एक टीम का निर्माण नहीं, बल्कि पलामू क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक है।
0 टिप्पणियाँ