पलामू। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चियाकी गांव में एक युवक की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। युवक का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जमुना भुइयां के पुत्र विवकी भुइयां के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। परिवार के लोग किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे और घर के अंदर प्रवेश किया तो विक्की भुइयां को फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और देखते ही देखते घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
0 टिप्पणियाँ