मेदिनीनगर, पलामू: पलामू प्रमंडल को झारखंड की दूसरी उपराजधानी घोषित करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सह-कार्यालय मंत्री अरविंद कुमार तिवारी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र भेजकर आगामी 2029 विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में इस मांग को शामिल करने का आग्रह किया है।
पत्र में अरविंद तिवारी ने कहा है कि वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन सरकार ने मेदिनीनगर (पलामू) को झारखंड की दूसरी उपराजधानी बनाने का वादा किया था, लेकिन सात वर्ष बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल लंबे समय से पिछड़ेपन, अकाल और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों का सामना करता रहा है। ऐसे में उपराजधानी का दर्जा मिलने से क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आर्थिक, सामाजिक और आधारभूत संरचनाओं के विकास को नई गति मिलेगी।
अरविंद तिवारी ने राष्ट्रीय नेतृत्व से आग्रह किया है कि पलामू को उपराजधानी बनाने की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए इसे भाजपा के आगामी चुनावी घोषणा पत्र में प्रमुखता से स्थान दिया जाए। उनका कहना है कि यह निर्णय पश्चिमी झारखंड के संतुलित विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि पलामू की जनता की वर्षों पुरानी इस मांग को पूरा कर भाजपा राज्य के विकास में एक नया अध्याय जोड़ सकती है।
0 टिप्पणियाँ