हरिहरगंज (पलामू)। आइडियल पत्रकार संगठन के विस्तार एवं संगठनात्मक मजबूती को लेकर शनिवार को हरिहरगंज प्रखंड में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन न्यू संविधान भारत के संचालक राघव पासवान के कार्यालय में जिला अध्यक्ष अजीत पाठक के निर्देश पर किया गया।
बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकार हितों, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों तथा संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर पलामू जिला संयुक्त सचिव निरंजन कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, छतरपुर अनुमंडलीय अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, अनुमंडलीय उपाध्यक्ष पंचम कुमार, छतरपुर प्रखंड अध्यक्ष दीपक कुमार एवं प्रखंड उपाध्यक्ष उमेश भारती सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
संगठन के विस्तार के तहत सर्वसम्मति से नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। इसके अंतर्गत कविलास पासवान को अनुमंडलीय उपाध्यक्ष, प्रसिद्ध कुमार अंबेडकर को हरिहरगंज प्रखंड अध्यक्ष, राघव पासवान को प्रखंड उपाध्यक्ष तथा गौतम कुमार सिंह को प्रखंड सचिव मनोनीत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों की एकजुटता आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। साथ ही संविधान, सामाजिक न्याय एवं जनहित के विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन विस्तार एवं पत्रकार हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के गठन से हरिहरगंज क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा पत्रकारों की आवाज को और प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा ।
0 टिप्पणियाँ