मेदिनीनगर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शिक्षा विभाग के तत्वावधान में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के जन्मदिवस के अवसर पर स्थानीय शांति पैलेस, जेलहाता में "राहुल गांधी : राजनीतिक जीवन एवं संघर्ष, 22 साल बेमिसाल" विषय पर प्रदेश स्तरीय विचार गोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने भाग लेकर राहुल गांधी के राजनीतिक जीवन, जनसंघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर चर्चा की।
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति के सदस्य हृदयानंद मिश्र, प्रदेश कांग्रेस के राज्य सचिव जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक तथा शिक्षा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान केक काटकर राहुल गांधी का जन्मदिन भी मनाया गया।
मुख्य अतिथि हृदयानंद मिश्र ने कहा कि राहुल गांधी का 22 वर्षों का राजनीतिक सफर संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने राजनीति को जनता के दुख-दर्द से जोड़ने का कार्य किया है।
स्वागताध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन कभी भी अपने वैचारिक सिद्धांतों और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धताओं से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति का केंद्र हमेशा आम आदमी, किसान, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति का हित रहा है।
अध्यक्षीय संबोधन में श्याम नारायण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी आज लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की सबसे मजबूत आवाज़ बनकर उभरे हैं। उनका संघर्षशील राजनीतिक जीवन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने विचारों और जनसरोकारों से कभी समझौता नहीं किया।
गोष्ठी में लोकतंत्र, संविधान, शिक्षा, रोजगार, किसान हित और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर अलख निरंजन चौबे, शमीम अहमद राईन, राजकुमार सिंह, विद्या सिंह चेरो, पंकज श्रीवास्तव, दीपमाला कुमारी, सुमन तिर्की, उषा देवी, रंजीत सिंह, गोपाल सिंह, अमिताभ शर्मा, सुधीर सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
0 टिप्पणियाँ