ad

ad

पलामू की बेटी ऋचा सिंह ने दिल्ली में जीता बेस्ट फूड एंड रेसिपी इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड

मेदिनीनगर, पलामू। पलामू की बेटी और प्रसिद्ध कंटेंट क्रिएटर एवं फूड इन्फ्लुएंसर ऋचा सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले और झारखंड का नाम रोशन किया है। उन्हें दिल्ली में आयोजित मॉम जंक्शन एम-पैक्ट अवार्ड्स 2026 (दिल्ली एडिशन) में ‘बेस्ट फूड एंड रेसिपी इन्फ्लुएंसर’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।

मेदिनीनगर के कचहरी रोड निवासी अरुण कुमार सिंह की पुत्री ऋचा सिंह अपने लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘मॉम अबाउट फूड’ के माध्यम से देशभर के लाखों दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। स्वादिष्ट व्यंजनों, हेल्दी रेसिपी और रचनात्मक फूड कंटेंट के जरिए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक मजबूत और विश्वसनीय पहचान स्थापित की है।

ऋचा के पिता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में रुचि रखती थीं। उन्होंने बताया कि ऋचा पलामू की पहली बेटी थीं, जिन्होंने दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर जिले का गौरव बढ़ाया था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मेदिनीनगर के मिशन स्कूल में हुई है।

पुरस्कार मिलने पर ऋचा सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि भोजन और कहानियों को साझा करने के जुनून से शुरू हुआ उनका सफर आज दर्शकों के प्यार और समर्थन की बदौलत इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने अपने सभी समर्थकों, शुभचिंतकों और वोट देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ऋचा के भाई एवं झामुमो नेता आशुतोष विनायक ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल पलामू ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। वहीं उनकी माता प्रभा सिंह ने कहा कि ऋचा बचपन से ही पढ़ाई के साथ फिटनेस और पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक रही है। आज उसकी मेहनत और लगन का परिणाम पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बन गया है।

ऋचा सिंह की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पलामू की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

आज की ताजा खबर 6 अगस्त 2026 ।