ad

ad

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ पलामू, अधिकारियों से लेकर विद्यार्थियों तक ने किया योगाभ्यास

मेदिनीनगर सहित सभी प्रखंडों, पंचायतों एवं शिक्षण संस्थानों में आयोजित हुए योग कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरे पलामू जिले में उत्साह और उमंग के साथ योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित शिवाजी मैदान में जिला प्रशासन एवं जिला आयुष समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग शिविर आयोजित किया गया। इसके अलावा जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों, पंचायत भवनों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में भी सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।

इस वर्ष की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा मीडियाकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

शिवाजी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी तथा पतंजलि योगपीठ के मुख्य योग प्रशिक्षक राजीव शरण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

योग प्रशिक्षक राजीव शरण के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान वज्रासन, सिद्धासन, ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, शवासन, पवनमुक्तासन, भुजंगासन, शीर्षासन एवं सूर्य नमस्कार सहित कई महत्वपूर्ण योगासन कराए गए। वहीं भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम की विधियां भी सिखाई गईं तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान वर्षभर योग प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता कार्यों में योगदान के लिए पवन कुमार गुप्ता और सीमा सहाय को सम्मानित किया गया। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर, महरजा में उत्कृष्ट हर्बल गार्डन के विकास एवं संरक्षण के लिए डॉ. अजय कुमार उपाध्याय को भी सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता, नजारत उप समाहर्ता नीरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम, डीपीएम मृत्युंजय मेहता सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी, आम नागरिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ पलामू, अधिकारियों से लेकर विद्यार्थियों तक ने किया योगाभ्यास