मेदिनीनगर: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय परिसर में रेहला क्षेत्र के केतात कला निवासी दिव्यांग दंपति प्रमोद कुमार साव एवं उनकी पत्नी सरिता देवी से मुलाकात की। इस दौरान दंपति ने अपनी दैनिक आवाजाही और आवश्यक कार्यों के निष्पादन में होने वाली कठिनाइयों से अवगत कराते हुए बैटरी संचालित स्कूटी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
उपायुक्त ने दंपति की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक पहल करने तथा नियमानुसार उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के अधिकारों और उनकी जरूरतों के प्रति संवेदनशील है तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। श्री शेखावत ने दंपति को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को सम्मानजनक एवं सुगम जीवन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
0 टिप्पणियाँ