ad

ad

तकनीकी विभागों की योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर


पलामू। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, भवन निर्माण विभाग, जल पथ प्रमंडल तथा विद्युत विभाग की योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जल पथ प्रमंडल द्वारा संचालित दोनों पाइपलाइन योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

समीक्षा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिला अभियंता को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य की समीक्षा में कई संवेदकों द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अविलंब कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक समन्वय करने को कहा।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बिना किसी उचित कारण के योजनाओं को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी विभागों को नियमित अनुश्रवण करने तथा अंतर-विभागीय समन्वय के माध्यम से परियोजनाओं में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों एवं तकनीकी मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा निर्माण कार्यों की नियमित जांच और मॉनिटरिंग की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

आयुक्त सचिव पद का प्रभार रोहित सिन्हा ने संभाला