ad

ad

पांकी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न, मुहर्रम पर्व को लेकर जारी हुए आवश्यक दिशा-निर्देश

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पांकी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, ताजिया एवं इंतजामिया कमेटियों के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने की, जबकि थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। हालांकि, बैठक में अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। बैठक के दौरान मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, ध्वनि नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा : एसडीपीओ
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप लाउडस्पीकर के उपयोग की अनुमति होगी। उन्होंने सभी ताजिया समितियों से निर्धारित रूट का अक्षरशः पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल खराब करने का अवसर नहीं दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने पांकी की गंगा-जमुनी संस्कृति और आपसी भाईचारे को बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।

अफवाहों से रहें सावधान : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि मोहर्रम आस्था, अनुशासन और भाईचारे का पर्व है। इसे पारंपरिक तरीके से शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश प्रसारित करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ, उत्तेजक, अश्लील अथवा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीत, नारे या विवादास्पद भाषण पर पूरी तरह रोक रहेगी। लाउडस्पीकर संचालकों से लिखित अंडरटेकिंग ली जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न हो।

भाईचारे की परंपरा कायम रहेगी : प्रमुख पंचम प्रसाद
प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि पांकी क्षेत्र में वर्षों से सभी समुदाय आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व-त्योहार मनाते आए हैं और इस बार भी उसी परंपरा को कायम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी ताजिया एवं इंतजामिया कमेटियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने पर सहमति व्यक्त की है। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सुरक्षा एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया। मौके पर लेस्लीगंज एस डीपीओ, पांकी इंस्पेक्टर जितराम महली, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, प्रमुख पंचम प्रसाद, उपप्रमुख अमित चौहान, मुकेश सिंह चंदेल, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, मुखिया राजेंद्र पांडे, मिंटी वर्मा, हफिजूल अंसारी, नेहाल अंसारी, प्रेम प्रसाद, शंकर प्रसाद, रमजान अंसारी, सदाम अंसारी, श्याम ओझा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कमेटी सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पांकी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक संपन्न, मुहर्रम पर्व को लेकर जारी हुए आवश्यक दिशा-निर्देश