पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) तथा पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति पर चर्चा हुई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि PMFME योजना के तहत 75 के लक्ष्य के विरुद्ध 91 आवेदन बैंकों को भेजे गए, लेकिन केवल 4 मामलों को ही स्वीकृति मिली है। इस धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए बैंकों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने और लाभुकों के खातों में राशि भुगतान की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत अब तक जिले में 909 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने बैंकवार लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए ऋण वितरण की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पलामू में उद्योगों के विकास से आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके लिए बैंकों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उपायुक्त ने बैंकों को बिना ठोस एवं तकनीकी कारण के आवेदनों को अस्वीकृत नहीं करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला उद्योग महाप्रबंधक रघुबर सिंह, एलडीएम अशोक श्रीवास्तव, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा उद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसंवाद न्यूज | पलामू
0 टिप्पणियाँ