ad

ad

कुपोषित बच्चों के इलाज और टीबी मरीजों के पोषण सहयोग पर विशेष जोर, उपायुक्त ने की स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा

मेदिनीनगर। पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, टीबी नियंत्रण, कुपोषण उपचार, आयुष्मान भारत, एनीमिया मुक्त भारत और एबीडीएम समेत कई योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने एमटीसी केंद्रों में बेड खाली रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें समय पर एमटीसी केंद्रों में भर्ती कराने का निर्देश दिया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की मदद से कुपोषित बच्चों को शीघ्र उपचार मिल सके।

टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिक से अधिक लोगों और संस्थाओं को “निक्षय मित्र” बनने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने में सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है। बैठक में सीएसआर के माध्यम से टीबी मरीजों के बीच पोषण किट वितरण की योजना पर भी चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि अप्रैल 2026 तक जिले में संस्थागत प्रसव की उपलब्धि 96 प्रतिशत तथा पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि 95 प्रतिशत रही है। उपायुक्त ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग और क्षेत्रीय भ्रमण पर जोर दिया।

इसके अलावा एनीमिया मुक्त भारत अभियान, आरबीएसके, आयुष्मान कार्ड निर्माण, एबीएचए आईडी सृजन तथा स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता सुधार से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने का निर्देश दिया।

बैठक में डॉ. अनिल, एमएमसीएच अधीक्षक, डीपीएम, विभिन्न कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

धारा 163 के बीच आयोजित हुई प्रतिरोध संकल्प सभा, नेताओं ने प्रशासन और भूमाफिया-सामंती ताकतों पर साधा निशाना