ad

ad

अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, उपायुक्त ने संयुक्त कार्रवाई तेज करने का दिया निर्देश

मेदिनीनगर: पलामू जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने की।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि खनन विभाग ने हाल के महीनों में 80 वाहनों को जब्त किया है। इसके साथ ही चार प्राथमिकी दर्ज करते हुए 24.19 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई है। वहीं परिवहन विभाग ने 60 वाहनों पर कार्रवाई कर 8.91 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूले हैं। हरिहरगंज क्षेत्र में भी अवैध खनन और परिवहन से जुड़े छह वाहनों को जब्त किया गया है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ नियमित रूप से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया जाए। उन्होंने मानसून अवधि में एनजीटी के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और संवेदनशील बालू घाटों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
बैठक में हाल ही में हुसैनाबाद क्षेत्र के एक बंद खदान में डूबने से हुई मौत की घटना का भी उल्लेख किया गया। उपायुक्त ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए माइंस क्लोजर रिपोर्ट के सभी प्रावधानों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिन अंचलों और थाना क्षेत्रों से कार्रवाई की रिपोर्ट नगण्य या शून्य प्राप्त हुई है, वहां विशेष अभियान चलाने और संबंधित अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध खनन प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रेंच कटिंग, अस्थायी चेकनाकों को मजबूत करने, सीसीटीवी लगाने और रात्रि गश्ती बढ़ाने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने बिना ई-ट्रांजिट चालान के खनिज परिवहन तथा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, जिला खनन पदाधिकारी, परिवहन, वन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

ग्रासरूट्स इनोवेशन इंटर्नशिप के तहत पांकी की पकरीया और करार पंचायत में फील्ड विजिट, विद्यार्थियों ने सीखे ग्रामीण विकास के गुर