मेदिनीनगर:- पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, धुमकुड़िया भवन निर्माण, सरना-जाहेरस्थल एवं कब्रिस्तान घेराबंदी समेत कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 1.76 लाख से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है। इनमें 1.67 लाख आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 1.32 लाख विद्यार्थियों का अंतिम सत्यापन पूरा हो चुका है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच अब तक 31,523 साइकिलों का वितरण किया जा चुका है। वहीं 1,873 साइकिलें आपूर्तिकर्ता स्तर पर लंबित हैं।
धुमकुड़िया भवन निर्माण योजना के तहत स्वीकृत 23 योजनाओं में से 4 भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 19 योजनाओं पर कार्य जारी है। उपायुक्त ने सरना, मसना, जाहेर एवं हड़गड़ी स्थल घेराबंदी सहित लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, छात्रावास मरम्मत, धार्मिक स्थल निर्माण एवं अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि पात्र लाभुकों को शीघ्र लाभ मिल सके।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारेलाल, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ