मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत 6 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक रात्रिकालीन ब्लड सैंपल संग्रह अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन रात 10 बजे के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों के घर-घर जाकर ब्लड सैंपल एकत्र करेगी।
इस संबंध में गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने वर्चुअल माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें तथा संबंधित थाना को पूर्व सूचना दें, ताकि अभियान सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने आम लोगों को पहले से जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया, जिससे किसी प्रकार की भ्रांति या असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि फाइलेरिया के परजीवी (माइक्रोफाइलेरिया) रात के समय रक्त की सतही नसों में अधिक संख्या में पाए जाते हैं। इसी कारण इस बीमारी की सटीक जांच के लिए रात 10 बजे के बाद ही ब्लड सैंपल लिया जाता है। यह राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अपनाई जाने वाली वैज्ञानिक प्रक्रिया है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि निर्धारित अवधि के दौरान जब स्वास्थ्य विभाग की टीम रात्रि में ब्लड सैंपल लेने पहुंचे, तो वे पूरा सहयोग करें। यह जांच पूरी तरह सुरक्षित है और इसका उद्देश्य समय पर संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन में मदद करना है।
0 टिप्पणियाँ