मेदिनीनगर: पलामू जिला कांग्रेस के प्रवक्ता गोपाल सिंह ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात कर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की मांग की। इस दौरान उन्होंने पलामू के सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) की मौजूदा स्थिति से मंत्री को अवगत कराया।
गोपाल सिंह ने कहा कि जिले के ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त नियुक्ति, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता तथा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से स्वयं पलामू पहुंचकर अस्पतालों का निरीक्षण करने का आग्रह किया, ताकि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने गोपाल सिंह की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही पलामू का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां सामने आएंगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएंगे।
गोपाल सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री के सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि प्रस्तावित पलामू दौरे से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल होगी।
0 टिप्पणियाँ