ad

ad

पांकी में 48.2 किलो डोडा व 230 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, हरियाणा नंबर की कार जब्त

पांकी (पलामू): पलामू पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांकी थाना क्षेत्र के झरहा पुल के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान 48.200 किलोग्राम डोडा एवं 230 ग्राम अफीम बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक टोयोटा इटियॉस कार, नकद राशि और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर एंटी क्राइम चेकिंग प्लान के तहत पांकी थाना क्षेत्र के झरहा पुल के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर HR-90-5362 की सफेद रंग की टोयोटा इटियॉस कार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार से चार बोरों में कुल 48.200 किलोग्राम डोडा तथा 230 ग्राम अफीम बरामद किया गया। बरामद डोडा चार बोरों में क्रमशः 12.600 किलोग्राम, 13.200 किलोग्राम, 10.500 किलोग्राम एवं 11.900 किलोग्राम था।


पुलिस ने मौके से वाहन चालक प्रगट सिंह (ग्राम रोरी, थाना रोरी, जिला सिरसा, हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आसीम आलम उर्फ बिड्डु (उम्र लगभग 42 वर्ष), निवासी ग्राम जमुना सोनुपरा टोला, थाना तरहसी, जिला पलामू को भी गिरफ्तार किया।

जांच के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इटियॉस कार, 15 हजार रुपये नकद तथा एक मोटोरोला कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रगट सिंह के खिलाफ पहले भी हरियाणा और पंजाब में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में पांकी थाना कांड संख्या 117/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज (पांकी) प्रशांत कुमार-2, पुलिस निरीक्षक जीतराम महली, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, तरहसी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मनिन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Featured News

पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा 163 लागू