मेदिनीनगर, पलामू। पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बरांव का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण किया, बच्चों से बातचीत की और पठन-पाठन की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण में उपायुक्त ने पाया कि कुछ कक्षाओं में अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था, बेंचों की मरम्मत तथा विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल की आवश्यकता है। उन्होंने मौके पर ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय की सभी आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन कर उसी दिन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ