मेदिनीनगर। पलामू में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में जून माह के दौरान हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जून माह में खनन विभाग, परिवहन विभाग और विभिन्न अंचलों की संयुक्त कार्रवाई में कुल 123 वाहन जब्त किए गए। खनन विभाग ने 32 वाहन जब्त कर 22.36 लाख रुपये, जबकि परिवहन विभाग ने 51 वाहन जब्त कर 9.41 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। विभिन्न अंचलों द्वारा 40 वाहन जब्त किए गए, जिनमें सबसे अधिक आठ वाहन छत्तरपुर अंचल से पकड़े गए।
उपायुक्त ने अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध संयुक्त छापेमारी अभियान, चेकपोस्टों पर सघन जांच तथा खनन स्थलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए और पुलिस, वन, परिवहन तथा अंचल प्रशासन आपसी समन्वय से अभियान चलाएं।
बैठक में बंद पड़ी खदानों की फेंसिंग, बालू घाटों के रास्तों पर ट्रेंच कटिंग तथा ब्लास्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना न हो।
0 टिप्पणियाँ