मेदिनीनगर। पलामू के चैनपुर स्थित सहोदय उच्च विद्यालय में मंगलवार को प्रमंडल स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने फुटबॉल को किक मारकर और टॉस कराकर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण दौर होता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक फिटनेस विकसित करते हैं तथा निरंतर अभ्यास और मेहनत से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
प्रतियोगिता में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। मंगलवार को अंडर-15 एवं अंडर-17 बालक वर्ग के लीग मुकाबले आयोजित किए गए, जबकि बुधवार को अंडर-17 बालिका वर्ग के मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर विजेता टीमों का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक, एडीपीओ अम्बुजया पांडेय, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ