मेदिनीनगर। पलामू के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चैनपुर के उच्च विद्यालय सहदेवा स्थित मतदान केंद्र संख्या-112 तथा बरांव के मतदान केंद्र संख्या-62, 63 और 64 का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन फॉर्मों का संग्रहण हो चुका है, उनका डिजिटाइजेशन बिना किसी विलंब के पूरा किया जाए। साथ ही ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची की मैपिंग भी पूरी सटीकता और गंभीरता के साथ सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) से भी संवाद कर अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी।
0 टिप्पणियाँ