मेदिनीनगर, पलामू: समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
कार्यक्रम के दौरान लेस्लीगंज की साधना कुमारी और नौडीहा की शर्मिला कुमारी ने शिकायत की कि उन्हें लंबे समय से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिल रही है। शिकायत मिलते ही उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच कर समस्या दूर करने का निर्देश दिया।
जांच में सामने आया कि साधना कुमारी के आवेदन में बैंक खाते की डुप्लीकेट प्रविष्टि होने से भुगतान अटका था, जबकि शर्मिला कुमारी के मामले में संयुक्त बैंक खाता दर्ज होने के कारण राशि जारी नहीं हो पा रही थी। अधिकारियों ने जन समाधान दिवस के दौरान ही दोनों मामलों की तकनीकी त्रुटियां सुधार दीं।
सामाजिक सुरक्षा विभाग ने दोनों लाभुकों को भरोसा दिलाया कि अगले महीने से योजना की राशि नियमित रूप से उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
जन समाधान दिवस में भूमि, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आपूर्ति विभाग से जुड़ी कई शिकायतें भी प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मामलों के निष्पादन के निर्देश दिए।
0 टिप्पणियाँ